मुंबई एयरपोर्ट पर दो विमानों के पंख टकराए, बड़ा हादसा टला

मुंबई। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार 3 फरवरी को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रनवे के पास टैक्सीवे पर एअर इंडिया और इंडिगो के दो विमानों के पंख आपस में टकरा गए। सौभाग्य से इस घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ और सभी सुरक्षित हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एअर इंडिया की फ्लाइट AI 2732 मुंबई से कोयंबटूर के लिए उड़ान भरने से पहले टैक्सीवे पर खड़ी थी। इसी दौरान हैदराबाद से मुंबई पहुंची इंडिगो की फ्लाइट 6E 791 लैंडिंग के बाद टैक्सी कर रही थी। इसी समय दोनों विमानों के विंगटिप्स आपस में रगड़ गए, जिससे एअर इंडिया के विमान के पंख के सिरे को नुकसान पहुंचा।

एअर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि एहतियात के तौर पर विमान को तकनीकी जांच के लिए रोक दिया गया है। यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है और उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।

इंडिगो की ओर से भी घटना की पुष्टि की गई है। कंपनी ने कहा कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित अधिकारियों को सूचना दे दी गई है और विमान की जांच की जा रही है।

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय सहित नियामक एजेंसियों को मामले की जानकारी दे दी गई है। टक्कर के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसमें मानवीय चूक थी या किसी तकनीकी अथवा सिग्नल संबंधी त्रुटि की भूमिका रही है।

About The Author