रेलवे निर्माण परियोजना में करोड़ों की हेराफेरी का खुलासा, दो आरोपी पकड़े गए

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में गेवरा-सेन्दुरगढ़ रेलवे लाइन निर्माण परियोजना से करोड़ों रुपये के सामान की हेराफेरी का बड़ा मामला सामने आया है। कटघोरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कंपनी के एक ऑपरेटर और एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने स्टोर से करीब दो करोड़ रुपये मूल्य का लोहा और पुरानी रेल पटरियां चोरी कर बेच दीं।

इस मामले की शिकायत शिवाकृति इंटरनेशनल लिमिटेड कंपनी के मुख्य प्रोजेक्ट मैनेजर सुरेंद्र कुमार जांगिड़ ने दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सिंघिया और सुतर्रा स्थित कंपनी स्टोर से बड़ी मात्रा में लोहे का सामान गायब है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह राजपूत के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने सुरक्षा कर्मियों और कर्मचारियों से पूछताछ की, जिसमें स्पष्ट हुआ कि कोई बाहरी चोरी नहीं हुई थी, बल्कि कंपनी के भीतर से ही सामान की हेराफेरी की जा रही थी। पूछताछ में ऑपरेटर तेजबहादुर पटेल ने स्वीकार किया कि वह पिछले चार महीनों से लोहे के स्क्रैप और पुरानी रेल पटरियों के टुकड़े चोरी कर कबाड़ी को बेच रहा था।

पुलिस ने इस मामले में तेजबहादुर पटेल निवासी प्रयागराज उत्तर प्रदेश तथा राहुल सिंह मरकाम निवासी पुरानी बस्ती कटघोरा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त जेसीबी मशीन और नकद राशि जब्त की गई है। वहीं कबाड़ी के पास से करीब दो क्विंटल रेलवे पटरी के टुकड़े बरामद किए गए हैं।

दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब शेष चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए आगे की जांच कर रही है।

About The Author