आज वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पेश कर रही हैं अपना नौवां केंद्रीय बजट

नई दिल्ली: आज एक फरवरी है, जो देश की अर्थव्यवस्था की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण दिन है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में केंद्रीय बजट 2026-27 पेश कर रही हैं। यह उनका नौवां लगातार बजट होगा, जो किसी वित्त मंत्री के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। बजट की प्रस्तुति सुबह 11 बजे लोकसभा में हो रही है।

इस बजट से टैक्सदाताओं को राहत की उम्मीद है। मध्यम वर्ग, ग्रामीण क्षेत्रों के लोग और किसान सरकार की घोषणाओं पर नजर गड़ाए हुए हैं। निवेशक इस बात पर ध्यान दे रहे हैं कि सरकार आर्थिक वृद्धि और वित्तीय अनुशासन के बीच संतुलन कैसे बनाएगी।

यह बजट ऐसे समय में आ रहा है जब घरेलू मांग मजबूत बनी हुई है, लेकिन वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता का माहौल है। अमेरिकी टैरिफ नीतियां और भू-राजनीतिक तनाव वैश्विक अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं।

बजट से ठीक पहले पेश आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 ने भारत की अर्थव्यवस्था की मजबूत तस्वीर पेश की है। सर्वेक्षण के अनुसार, कार्यशील आयु की आबादी का लाभ मिल रहा है, लेकिन स्वास्थ्य और रोजगार जैसी चुनौतियां बनी हुई हैं। आगामी वित्त वर्ष में 6.8 से 7.2 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है। घरेलू मांग मजबूत हुई है।

सभी वर्ग जानना चाहते हैं कि बजट में क्या टैक्स स्लैब में बदलाव होगा। क्या रोजगार सृजन और इंफ्रास्ट्रक्चर पर फिर जोर दिया जाएगा। क्या ग्रामीण क्षेत्रों के लिए खर्च बढ़ाया जाएगा।

निवेशक, उद्योगपति और आम नागरिक बजट भाषण पर नजर रखे हुए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि बजट में विकास को गति देने के साथ वित्तीय स्थिरता पर भी ध्यान रहेगा।

About The Author