सिरमौर: घर में लगी भीषण आग, पांच लोगों की जलकर मौत, एक घायल

सिरमौर, 15 जनवरी 2026: जिला सिरमौर के श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत धनडूरी पंचायत के तलंगाना गांव में देर रात लगभग 3 बजे भीषण आग लगने से पांच लोगों की जलकर मौत हो गई तथा एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतकों में कविता देवी (पत्नी लोकेंद्र सिंह), सारिका (9 वर्ष), कृतिका (3 वर्ष), तृप्ता देवी (44 वर्ष) तथा नरेश कुमार शामिल हैं। घायल लोकेंद्र सिंह का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

आग कैसे लगी, इसकी अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम संगडाह सुनील कुमार तथा पुलिस टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी है। मौके पर जांच एवं राहत कार्य शुरू कर दिए गए हैं।

राजीव बिंदल ने जताया गहरा दुख
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे अत्यंत हृदयविदारक घटना बताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की तथा दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। डॉ. बिंदल ने प्रदेश सरकार तथा प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तत्काल हर संभव सहायता एवं आर्थिक मदद उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।

प्रशासन ने हादसे की जांच के साथ-साथ राहत कार्यों को प्राथमिकता दी है तथा आग लगने के कारणों का पता लगाने का प्रयास जारी है।

About The Author