छत्तीसगढ़ में आयल पाम खेती को बढ़ावा: किसानों को मिलेगा अतिरिक्त टॉपअप अनुदान

बलौदाबाजार। राज्य सरकार ने किसानों की आर्थिक समृद्धि के लिए आयल पाम खेती को प्रोत्साहित करने का बड़ा निर्णय लिया है। केंद्र सरकार की अनुदान योजना के अतिरिक्त राज्य सरकार टॉपअप के रूप में प्रति हेक्टेयर 69,620 रुपये का अतिरिक्त अनुदान प्रदान करेगी। यह अनुदान रखरखाव, अंतर्वर्ती फसल, ड्रिप सिंचाई और फेंसिंग के लिए उपलब्ध होगा।

विभिन्न मदों में मिलेगा अतिरिक्त अनुदान

उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, रखरखाव के लिए केंद्र के 5,250 रुपये के अतिरिक्त 1,500 रुपये प्रति हेक्टेयर, अंतर्वर्ती फसल के लिए 5,250 रुपये के साथ 5,000 रुपये प्रति हेक्टेयर तथा ड्रिप सिंचाई पर 14,130 रुपये के अतिरिक्त 8,635 रुपये प्रति हेक्टेयर टॉपअप अनुदान मिलेगा। पहली बार फेंसिंग पर भी 54,485 रुपये प्रति हेक्टेयर का अनुदान दिया जाएगा।

आयल पाम एक दीर्घकालीन फसल है, जिसमें रोपण के चौथे वर्ष से उत्पादन शुरू होता है और लगभग 30 वर्ष तक निरंतर आय प्राप्त होती है। पारंपरिक तिलहनी फसलों की तुलना में इसकी तेल उत्पादन क्षमता 4 से 6 गुना अधिक है। इन नीतियों से किसान आयल पाम खेती की ओर आकर्षित हो रहे हैं, जिससे उन्हें दीर्घकालीन लाभ मिलेगा।

अधिक जानकारी के लिए शेखर जायसवाल (मो. नं. 8103998548) से संपर्क किया जा सकता है।

About The Author