राहुल, प्रियंका और खड़गे के दौरे की तैयारी तेज, कांग्रेस की अहम बैठक

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की बड़ी सभा की तैयारी तेज हो गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे फरवरी या मार्च में छत्तीसगढ़ दौरे पर आ सकते हैं। राष्ट्रीय नेताओं के संभावित दौरे को लेकर तैयारियों के मद्देनजर राजीव भवन में आज आदिवासी कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक जनक ध्रुव ने की।

बैठक के संबंध में जनक ध्रुव ने बताया कि फरवरी–मार्च में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व का छत्तीसगढ़ दौरा प्रस्तावित है। इस दौरे की तैयारियों को लेकर बैठक में विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही संगठन को मजबूत करने, आगामी चुनावी रणनीति और आदिवासी मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर भी विचार-विमर्श हुआ।

बैठक में विशेष रूप से आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन से जुड़े अधिकारों की रक्षा के लिए आगे की रणनीति पर मंथन किया गया। जनक ध्रुव ने कहा कि आदिवासी कांग्रेस हमेशा से आदिवासी समाज के हक और अधिकार की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगा और आदिवासी मुद्दों को केंद्र में रखकर संघर्ष किया जाएगा।

About The Author