दूषित पानी से मौत मामले में कांग्रेस का सरकार पर हमला, जीतू पटवारी ने बताया 13 मौतों का जिम्मेदार
भोपाल। मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में दूषित पानी से हुई मौतों के मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का तीखा बयान सामने आया है। उन्होंने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान को शर्मसार करने वाला बताते हुए कहा कि सरकार और नगर निगम इस पूरे मामले के लिए जिम्मेदार हैं। पटवारी ने आरोप लगाया कि सरकार मौत के वास्तविक आंकड़ों को छिपा रही है, जबकि इस घटना में अब तक कुल 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें एक दुधमुंहा बच्चा भी शामिल है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 13 मौतों के बाद भी सरकार जांच की बात कर रही है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। जिस इंदौर शहर ने प्रदेश और देश को स्वच्छता का तमगा दिलाया, उसी शहर को सरकार ने जहर दिया है। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों और जिम्मेदारों के कारण यह स्थिति बनी, उनके खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाना चाहिए।
पटवारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की मांगों को लेकर जब कार्यकर्ता आवाज उठाते हैं तो उन पर लाठीचार्ज किया जाता है, जबकि मंत्री मुआवजे की बड़ी बातें करते हैं और हकीकत में नाममात्र की सहायता दी जा रही है। कांग्रेस का स्पष्ट मत है कि पीड़ित परिवारों को उचित और सम्मानजनक मुआवजा मिलना चाहिए तथा इलाज के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।
उन्होंने यह भी कहा कि इंदौर को एक पूर्णकालिक प्रभारी मंत्री नहीं दिया जाना भी इस त्रासदी का बड़ा कारण है। सरकार को इंदौर को अपने राजनीतिक कब्जे से मुक्त कर प्रशासनिक रूप से मजबूत करना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने अंत में मांग की कि मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर राजनीति नहीं करना चाहती, बल्कि जनता और पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और सरकार से मांग करती है कि इस गंभीर स्थिति से तत्काल और जिम्मेदारी के साथ निपटा जाए।
