लेट ट्रेनों के बावजूद बिलासपुर रेल मंडल की आय में बढ़ोतरी, 9 माह में 315 करोड़ का राजस्व
बिलासपुर। ट्रेनों की लेटलतीफी, अधोसंरचना संबंधी दिक्कतों और विभिन्न कारणों से रद्द होने के बावजूद बिलासपुर रेल मंडल में यात्रियों की संख्या में कोई गिरावट नहीं आई है। चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के अप्रैल से नवंबर तक के 9 माह की अवधि में बिलासपुर डिवीजन से संचालित एक्सप्रेस, सुपरफास्ट सहित अन्य ट्रेनों से करीब 1 लाख 90 हजार यात्रियों ने सफर किया। इस दौरान रेल प्रशासन को 315 करोड़ रुपये का यात्री राजस्व प्राप्त हुआ।
रेल प्रशासन के अनुसार यह आंकड़ा पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि की तुलना में यात्रियों की संख्या में लगभग 17 प्रतिशत और यात्री आय में करीब 10 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है। वहीं टिकट चेकिंग अभियान के तहत लगभग 2 लाख 40 हजार मामलों से 12 करोड़ 58 लाख रुपये की आय अर्जित की गई, जो मामलों में 86.25 प्रतिशत और आय में 86.42 प्रतिशत की उल्लेखनीय बढ़ोतरी है।
इसके अलावा पार्सल, पार्किंग, पब्लिसिटी तथा अन्य गैर किराया मदों से भी मंडल को बेहतर राजस्व प्राप्त हुआ है। मंडल रेल प्रबंधक के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के नेतृत्व में वाणिज्य विभाग द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
यात्री सुविधाओं के उन्नयन की दिशा में भी बड़े कदम उठाए गए हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 के अप्रैल से नवंबर तक यात्री सुविधाओं से जुड़े कुल 48 कार्यों को स्वीकृति दी गई है, जिनकी अनुमानित लागत 418 करोड़ रुपये है। वहीं 23 अन्य कार्यों के प्रस्ताव प्रक्रियाधीन हैं, जिनकी अनुमानित लागत करीब 206 करोड़ रुपये बताई गई है।
