टोकन नहीं कटने से परेशान किसान ने किया जहर सेवन, मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज

रायगढ़। खरसिया विकासखंड के ग्राम बकेली में टोकन कटाने में आ रही दिक्कतों से परेशान एक किसान ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर अवस्था में उसे पहले सिविल अस्पताल खरसिया में भर्ती कराया गया, जहां से हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल किसान की स्थिति सामान्य बताई जा रही है और उसका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बकेली निवासी कृष्णा कुमार गबेल पिछले करीब 15 दिनों से टोकन कटाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा था। उसकी दो बड़ी बहनें हैं, जिनके नाम पर लगभग एक एकड़ कृषि भूमि दर्ज है। वह कई वर्षों से इसी भूमि पर खेती-किसानी करता आ रहा है। जमीन का आधिकारिक पंजीयन बहन के नाम पर होने के कारण धान खरीदी से जुड़ी प्रक्रियाओं में आधार और मोबाइल नंबर की आवश्यकता थी।

कृष्णा कुमार ने टोकन के लिए ओटीपी प्राप्त करने हेतु अपनी बड़ी बहन के बेटे का मोबाइल नंबर दर्ज कराया था। इसके बावजूद वह ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से लगातार प्रयास करता रहा, लेकिन टोकन नहीं कट सका। इससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया।

शनिवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर था, इसी दौरान मानसिक तनाव के चलते उसने कीटनाशक का सेवन कर लिया। परिजनों ने तत्काल उसे सिविल अस्पताल खरसिया पहुंचाया, जहां से देर रात उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

About The Author