जगदलपुर में हशीश ऑयल तस्करी का भंडाफोड़, 52 लाख से अधिक का मादक पदार्थ जब्त


जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हशीश ऑयल की तस्करी में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 4.170 किलोग्राम हशीश ऑयल जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 52 लाख 12 हजार 500 रुपये आंकी गई है। आरोपी इस मादक पदार्थ की बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 24 दिसंबर की शाम मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि 45 से 50 वर्ष आयु का एक व्यक्ति थैले में अवैध मादक पदार्थ गांजा तेल लेकर बिक्री के उद्देश्य से खड़ा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

एसपी के निर्देश पर थाना बोधघाट की टीम ने ग्राम आड़ावाल के आगे झंडा चौक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को रोका और पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम अमित कुमार बाघ, पिता स्वर्गीय महंती बाघ, उम्र 47 वर्ष बताया। तलाशी के दौरान उसके थैले से दो बोतलों में रखा हशीश ऑयल बरामद किया गया।

मौके पर नारकोटिक किट से जांच करने पर पदार्थ के हशीश ऑयल होने की पुष्टि हुई। दोनों बोतलों का कुल वजन करीब 4.170 किलोग्राम पाया गया। पुलिस के अनुसार इसकी अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय बाजार में कीमत 52,12,500 रुपये आंकी गई है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि अधिक मुनाफा कमाने के लालच में वह गांजा तेल की तस्करी कर रहा था। उसका उद्देश्य इस मादक पदार्थ को अन्य बड़े शहरों में ऊंचे दामों पर बेचना था। पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से भी जुड़ा हो सकता है। इस दिशा में यह भी जांच की जा रही है कि हशीश ऑयल कहां से लाया गया था और किन स्थानों पर इसकी आपूर्ति की जानी थी।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। विधिवत कार्रवाई के बाद 25 दिसंबर को आरोपी को विशेष एनडीपीएस न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बस्तर संभाग में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।

About The Author