लंबित भुगतान को लेकर महिला स्व-सहायता समूहों का नगर निगम में ज्ञापन, सफाई कार्य बंद करने की चेतावनी


राजनांदगांव। नगर पालिक निगम राजनांदगांव के अंतर्गत वार्डों में सफाई कार्य का संचालन कर रहे महिला स्व-सहायता समूहों ने लंबे समय से लंबित भुगतान को लेकर गंभीर चिंता जताई है। इसी क्रम में महिला स्व-सहायता समूहों के प्रतिनिधियों ने नगर निगम आयुक्त के नाम कार्यपालन अभियंता को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र भुगतान की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया है कि बीते 11 से 12 माह से वार्ड सफाई ठेका कार्य का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे ठेका संचालकों को भारी आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भुगतान नहीं होने के कारण ईपीएफ और ईएसआईसी जमा करने के साथ ही कर्मचारियों के वेतन भुगतान में भी गंभीर कठिनाइयां उत्पन्न हो गई हैं।

महिला स्व-सहायता समूहों ने स्पष्ट किया है कि यदि 31 दिसंबर 2025 तक लंबित राशि का भुगतान नहीं किया गया, तो वे मजबूर होकर 1 जनवरी 2026 से सफाई ठेका कार्य बंद करने का निर्णय लेंगी। ऐसी स्थिति में शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।

इस दौरान ज्ञापन सौंपने वालों में भाग्यलक्ष्मी स्व-सहायता समूह, वार्ड क्रमांक 45 कौरीन भाटा की अध्यक्ष सरस्वती यादव, सरस्वती महिला स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष विद्या देवी यादव और लखोली महिला कृष्णा स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष नफीसा खान प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।

महिला समूहों का कहना है कि वे लंबे समय से पूरी जिम्मेदारी के साथ सफाई कार्य कर रही हैं, लेकिन भुगतान में हो रही देरी के कारण उनकी आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि सफाई व्यवस्था सुचारु रूप से जारी रह सके।

About The Author