दुरपा के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से महिला की मौत, पति गंभीर घायल
जांजगीर-चांपा। जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुरपा के पास मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार तनौद गांव निवासी 45 वर्षीय भगवती साहू अपने पति कृष्णकुमार साहू के साथ मुड़पार गांव में आयोजित पारिवारिक छठी कार्यक्रम में शामिल होने बाइक से जा रही थीं। दोनों सामान्य गति से यात्रा कर रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक ग्राम दुरपा के पास पहुंची, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बाइक असंतुलित होकर सड़क किनारे जा गिरी। इस दौरान कृष्णकुमार साहू बाइक सहित सड़क किनारे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं भगवती साहू ट्रक के नीचे आ गईं और पहियों में फंसकर कुछ दूरी तक घसीटती चली गईं। ट्रक के पहियों से कुचलने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने ट्रक को रुकवाकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही शिवरीनारायण थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल कृष्णकुमार साहू को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने मृतिका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद ट्रक चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त किया गया है। चालक के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने और गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस हादसे से मृतिका के परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
