रायपुर: मेगा हेल्थ कैंप-2025 में हजारों मरीज ले रहे निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
रायपुर, 21 दिसंबर 2025। राजधानी रायपुर के आयुर्वेदिक कॉलेज परिसर में 18 से 22 दिसंबर तक आयोजित मेगा हेल्थ कैंप-2025 में प्रतिदिन हजारों मरीज निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। रविवार को शिविर का चौथा दिन था, जिसमें स्वास्थ्य और मानवता की सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण देखने को मिला।
आयुर्वेद विभाग में 0 से 16 वर्ष तक के बच्चों के लिए स्वर्ण प्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में बच्चों को यह औषधि दी गई। चिकित्सकों के अनुसार स्वर्ण प्राशन बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, बार-बार होने वाले संक्रमण से बचाव तथा शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक है। इस दौरान कुल 1200 बच्चों को स्वर्ण प्राशन कराया गया।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े शिविर में उपस्थित हुईं और बच्चों को स्वर्ण प्राशन करवाया। उन्होंने कहा कि पहला सुख निरोगी काया की भावना को साकार करने के लिए बचपन से ही स्वस्थ जीवन की दिशा में प्रयास आवश्यक हैं। मंत्री ने रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत के साथ सभी विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन के अध्यक्ष दीपक म्हसके भी मौजूद रहे।
लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बच्चों और महिलाओं सहित सभी को गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए यह शिविर महत्वपूर्ण है।
राजेश मूणत ने कहा कि यह मेगा हेल्थ कैंप सेवा और जनकल्याण का प्रयास है। उद्देश्य है कि कोई नागरिक इलाज या संसाधनों के अभाव में वंचित न रहे। गंभीर बीमारियों की समय पर जांच और आधुनिक इलाज निःशुल्क उपलब्ध कराना इस आयोजन की आत्मा है।
दीपक म्हसके ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि विधायक राजेश मूणत के नेतृत्व में इतने बड़े पैमाने पर आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराना अनुकरणीय है। यह जनसेवा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है।
शिविर में देश के 42 प्रतिष्ठित अस्पतालों से आए 55 विशेषज्ञ डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं। मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद और सिकंदराबाद से आए चिकित्सक गंभीर बीमारियों की जांच और परामर्श कर रहे हैं। MRI, CT स्कैन, एक्स-रे, सोनोग्राफी, ECG, इको और पैथोलॉजी सहित सभी जांच तथा दवाइयां निःशुल्क हैं। महिलाओं के लिए मैमोग्राफी और थर्मल स्कैनिंग से स्तन कैंसर जांच, मुंह, गले और बच्चेदानी के कैंसर की स्क्रीनिंग तथा दंत विभाग में AI आधारित मशीन से दो मिनट में रिपोर्ट व्हाट्सएप पर उपलब्ध कराई जा रही है।
दिव्यांगजनों के लिए विनय मित्र मंडल द्वारा जयपुर पैर और कृत्रिम अंगों का निर्माण किया जा रहा है। इंदौर, लखनऊ और रायपुर के विशेषज्ञ कारीगर निःशुल्क कृत्रिम अंग प्रदान कर रहे हैं। दिव्यांगों को ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी तथा मूक बधिरों को ऑडियोमेट्री जांच के बाद श्रवण यंत्र दिए जा रहे हैं।
शिविर में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक भारी भीड़ रही। मरीजों के लिए फल, नाश्ता और भोजन निःशुल्क उपलब्ध कराया गया। लगभग 1500 पैरामेडिकल स्टाफ, 500 स्वयंसेवक तथा भारतीय जनता पार्टी के 500 से अधिक कार्यकर्ता व्यवस्था और सहायता में जुटे हैं।
समापन समारोह 22 दिसंबर को दोपहर 12 बजे आयुर्वेदिक कॉलेज कैंपस, जीई रोड में होगा। मुख्य अतिथि राज्यपाल रमेन डेका होंगे तथा अध्यक्षता पूर्व महाराष्ट्र राज्यपाल रमेश बैस करेंगे। सांसद बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू, सुनील सोनी और पुरंदर मिश्रा विशिष्ट अतिथि होंगे। महापौर मीनल चौबे और जिलाध्यक्ष रमेश ठाकुर भी उपस्थित रहेंगे।
