दुर्ग में हत्या कर रायपुर में शव ठिकाने लगाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार


भिलाई। दुर्ग में युवती की हत्या कर उसके शव को रायपुर में ठिकाने लगाने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 22 नवंबर 2025 को सूचना मिली थी कि थाना न्यू राजेंद्र नगर क्षेत्र अंतर्गत अमलीडीह सोलस हाइट्स कॉलोनी के पीछे बिजली ट्रांसफार्मर के पास स्थित एक खाली प्लॉट में एक युवती का शव पड़ा है। सूचना पर थाना न्यू राजेंद्र नगर पुलिस एवं एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची, जहां एक युवती का शव मिला।

पुलिस द्वारा आसपास पूछताछ और तस्दीक के बाद मृतिका की पहचान काशीराम नगर, तेलीबांधा रायपुर निवासी के रूप में की गई। थाना न्यू राजेंद्र नगर में मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर ने गला दबाने से दम घुटने के कारण मौत होना बताया। इसके बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 268/25 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना न्यू राजेंद्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों का बारीकी से निरीक्षण किया। मृतिका के परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए और मुखबिर लगाए गए। तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से भी आरोपियों की पहचान के प्रयास किए गए।

जांच के दौरान जानकारी मिली कि मृतिका को अंतिम बार देवार बस्ती तेलीबांधा निवासी शातिर चोर हरीश पटेल और उसके एक साथी के साथ देखा गया था। पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की तो पता चला कि वे फरार हैं। पुलिस टीम को महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रवाना किया गया। लगातार लोकेशन बदलकर आरोपी पुलिस को गुमराह कर रहे थे। इसी दौरान हरीश पटेल के प्रयागराज में होने की सूचना मिली, जिस पर पुलिस ने उसे प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी हरीश पटेल ने बताया कि मृतिका उसकी महिला मित्र थी। 19 नवंबर 2025 को उसने मृतिका को मिलने दुर्ग बुलाया था। दुर्ग पहुंचने पर वह मृतिका को एक होटल ले गया, जहां दो कमरे बुक कराए गए थे। उसके साथ उसका एक साथी भी मौजूद था। 20 नवंबर 2025 को दोनों आरोपियों ने मृतिका पर जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। विरोध करने पर हुए विवाद के दौरान दोनों ने गमछे से गला और मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को मोटरसाइकिल पर बीच में बैठाकर दुर्ग से रायपुर लाया गया और अमलीडीह क्षेत्र में फेंक दिया गया।

चोरी की घटनाओं का खुलासा
आरोपी हरीश पटेल से पूछताछ में यह भी सामने आया कि उसने अपने साथी अरविंद नेताम, उषा राठौर और एक अन्य के साथ मिलकर रायपुर के थाना विधानसभा, डीडी नगर और मुजगहन क्षेत्र में स्थित 11 सूने मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने अरविंद नेताम और उषा राठौर को भी गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपियों के कब्जे से 400 ग्राम सोने के जेवरात, 3 किलोग्राम चांदी के जेवरात, 20 हजार रुपये नकद, कुल लगभग 60 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति, घटना में प्रयुक्त एक्स ड्रीम मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। प्रकरण में एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। आरोपी हरीश पटेल पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।

About The Author