शराब घोटाले में सौम्या चौरसिया दूसरी बार गिरफ्तार, ईडी को मिली 3 दिन की रिमांड

रायपुर। छत्तीसगढ़ शराब घोटाले में निलंबित आईएएस अधिकारी सौम्या चौरसिया को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दूसरी बार गिरफ्तार किया है। मंगलवार रात पूछताछ के बाद गिरफ्तारी के बाद ईडी ने उन्हें विशेष अदालत में पेश किया, जहां बहस के बाद अदालत ने तीन दिन की रिमांड मंजूर कर ली।

ईडी की ओर से अदालत में बताया गया कि इस घोटाले में सौम्या चौरसिया को कारोबारी लक्ष्मीनारायण बंसल के माध्यम से कुल 115 करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे। इनमें से 72 करोड़ रुपये उन्होंने कथित तांत्रिक केके श्रीवास्तव के जरिए हवाला से ट्रांसफर करवाए। शेष 43.50 करोड़ रुपये की प्रविष्टियां सौम्या की डायरी में मिली हैं। मंगलवार को हुई पूछताछ में सौम्या इन बिंदुओं पर स्पष्ट जवाब नहीं दे पाईं, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।

इस गिरफ्तारी का आधार बंसल और श्रीवास्तव से पूछताछ में प्राप्त इनपुट हैं। सौम्या की ओर से अधिवक्ता हर्ष परगनिहा ने बचाव पक्ष रखा, जबकि ईडी की ओर से डॉ. सौरभ पांडेय ने तर्क प्रस्तुत किए।

गौरतलब है कि सौम्या चौरसिया कोयला घोटाला मामले में भी मुख्य आरोपी हैं। इससे पहले मई में सुप्रीम कोर्ट की शर्तों पर उन्हें अन्य पांच आरोपियों सहित रिहा किया गया था। रिहाई की शर्त के तहत उन्हें राज्य से बाहर रहना था, जिसके चलते वे बेंगलुरु में रह रही थीं और हर महीने अदालत में उपस्थिति दर्ज कराती थीं।

About The Author