कबीरधाम में तेंदुए का सड़ा शव मिलने से हड़कंप, करंट से शिकार की आशंका

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में वन्यजीवों की लगातार हो रही मौतों के बीच एक और गंभीर मामला सामने आया है। मोतीनपुर और बोटेसूर गांव के बीच जंगल में तेंदुए का सड़ा-गला शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है।

प्रारंभिक जांच में तेंदुए का शव करीब एक सप्ताह पुराना बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि तेंदुए का शिकार करंट लगाकर किया गया। सूचना मिलते ही जंगल सफारी की डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक जांच टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

मामले की जांच के दौरान वन विभाग ने मोतीनपुर निवासी बिशु साहू को हिरासत में लेकर 14 दिन की रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के घर से जीआई तार भी बरामद किया गया है। लापरवाही बरतने पर संबंधित बीट गार्ड को निलंबित कर दिया गया है। यह मामला लोहारा रेंज के मोतीनपुर बीट क्षेत्र का है।

गौरतलब है कि इससे पहले मंगलवार को भोरमदेव अभ्यारण्य के जामपानी क्षेत्र में करंट की चपेट में आने से दो बाइसन की मौत हो गई थी। इस मामले में भी करंट लगाकर शिकार किए जाने की आशंका है। यह घटना बोड़ला विकासखंड के कवर्धा बीट क्षेत्र की है, जिसमें वन विभाग ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

About The Author