सूरजपुर में ACB की कार्रवाई, तहसील जरही का प्रभारी बाबू 25 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसील जरही में पदस्थ प्रभारी बाबू लोखन सोरी को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोटया निवासी रमेश राम राजवाड़े का मकान क्षतिपूर्ति मुआवजा से संबंधित मामला तहसील कार्यालय में लंबित था। इस प्रकरण में आवश्यक बिल-वाउचर तैयार करने के एवज में आरोपी बाबू ने प्रार्थी से 25 हजार रुपये की अवैध मांग की थी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर पीड़ित ने एसीबी अंबिकापुर कार्यालय में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत की जांच और पुष्टि के बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत बुधवार दोपहर करीब 12:05 बजे तहसील जरही परिसर में जैसे ही आरोपी ने प्रार्थी से रिश्वत की रकम ली, एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
