बेटी की शादी के नाम पर 20 लाख की धोखाधड़ी, किसान पर एफआईआर दर्ज
इंदौर। लसूड़िया थाना पुलिस ने धोखाधड़ी के एक मामले में किसान के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपी ने अपनी बेटी की शादी का हवाला देकर 20 लाख रुपये उधार लिए और बदले में जमीन देने का वादा किया, लेकिन बाद में सामने आया कि जिस जमीन का सौदा किया गया था, वह उसके नाम पर दर्ज ही नहीं थी।
पुलिस के अनुसार, बिज्जूखेड़ी निवासी नीतू मदावाडिया की शिकायत पर जितेंद्र पुत्र विक्रम सिंह, निवासी बिज्जूखेड़ी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में बताया गया कि अप्रैल 2024 में जितेंद्र सिंह ने बेटी की शादी का हवाला देते हुए लिखापढ़ी कर नीतू से 20 लाख रुपये नकद लिए थे। इस दौरान उसकी पत्नी अनिता भी मौजूद थी। दोनों ने आश्वासन दिया था कि तय समय में रकम नहीं लौटाने की स्थिति में वे अपनी जमीन नीतू के नाम कर देंगे।
पीड़िता ने तीन से चार किस्तों में कुल 20 लाख रुपये दिए, जिसके एवज में आरोपी ने आधी जमीन का एग्रीमेंट सौंपा। बाद में जानकारी मिली कि उक्त जमीन आरोपी जितेंद्र सिंह के नाम पर न होकर उसके पिता विक्रम सिंह के नाम दर्ज है।
इस संबंध में जब पीड़िता ने आरोपी से संपर्क किया तो उसने बताया कि तीन महीने के भीतर उसके पिता जमीन उसके नाम कर देंगे और यदि वह तय समय में रकम नहीं लौटा सका तो जमीन का पूरा अधिकार नीतू को दे दिया जाएगा। इसके लिए उसने चार महीने का समय मांगा। हालांकि छह महीने बीत जाने के बावजूद न तो राशि लौटाई गई और न ही जमीन ट्रांसफर की गई।
रुपये मांगने पर जब पीड़िता आरोपी के घर पहुंची तो जितेंद्र के पिता विक्रम सिंह ने उस पर हमला करने का प्रयास किया। इसी दौरान जितेंद्र का भाई जालिम सिंह भी वहां पहुंच गया और जान से मारने की धमकी देने लगा। बाद में जितेंद्र ने पीड़िता को अपने घर न आने की चेतावनी देते हुए साफ कहा कि वह न तो रुपये लौटाएगा और न ही जमीन उसके नाम करेगा।
इसके बाद पीड़िता की शिकायत पर लसूड़िया थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
