लखनऊ: मतदाता सूची में विदेश में रहने वाले बेटों को भारत में दिखाया, मां सहित तीन पर FIR
लखनऊ। चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष प्रगाड़ पुनरीक्षण (SIR) सर्वे में गलत जानकारी देने के मामले में रामपुर की रहने वाली नूरजहां और उनके दो बेटों आमिर खान तथा दानिश खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
जांच में पता चला कि नूरजहां ने फॉर्म में अपने एक बेटे को दुबई और दूसरे को कुवैत में वर्षों से रहने के बावजूद भारत में निवासी दिखाया तथा दोनों की ओर से फर्जी हस्ताक्षर भी किए। ब्लॉक लेवल ऑफिसर (BLO) द्वारा डेटा डिजिटाइजेशन के दौरान यह अनियमितता पकड़ी गई।
रामपुर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर सिविल लाइन थाने में सुपरवाइज़र की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों पर BNS की धारा 237, 318(2) तथा जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 31 के तहत कार्रवाई की गई है।
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची में झूठी जानकारी देना या दो जगह नाम दर्ज कराना गंभीर अपराध है। गलती से दो जगह नाम जुड़वाने वालों को BLO से संपर्क कर तुरंत सुधार कराने की सलाह दी गई है, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
