बीजापुर-दंतेवाड़ा मुठभेड़ : शहीद तीन जवानों को दी गई श्रद्धांजलि
बीजापुर। बीजापुर और दंतेवाड़ा जिले की सीमा पर मंगलवार को सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई तीव्र मुठभेड़ में 18 नक्सलियों के मारे जाने का दावा किया गया है। इस मुठभेड़ में जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के तीन जवान शहीद हो गए। मुठभेड़ की पुष्टि बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक पी. सुंदरराज ने की है।
मुठभेड़ देर रात तक चली, जिसके बाद इलाके में व्यापक सर्चिंग अभियान जारी है।
शहीद जवानों को बुधवार को बीजापुर की न्यू पुलिस लाइन में पूर्ण पुलिस सम्मान के साथ श्रद्धांजलि दी गई। गार्ड ऑफ ऑनर के बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान बस्तर रेंज के DIG, IG पी. सुंदरराज, SP बीजापुर तथा गंगालूर विधायक विक्रम मंडावी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
शहीद जवानों की पहचान प्रधान आरक्षक मोनू बड़डी, आरक्षक दुकारू गोंडे और जवान रमेश सोढ़ी के रूप में हुई है। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद उनके पार्थिव शरीर को गृह ग्राम भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
