गुरुघासीदास नगर गोलीकांड के आरोपी करण साव के अवैध निर्माण पर निगम की बड़ी कार्रवाई

दुर्ग। भिलाई के गुरुघासीदास नगर में 14 नवंबर को इवेंट ऑर्गनाइजर विकास प्रजापति पर गोली चलवाने के मामले में मुख्य आरोपी करण साव के अवैध कब्जे पर बुधवार को नगर निगम ने बुलडोजर कार्रवाई की। आरोपी बीते 10 वर्षों से अवैध भूमि पर निर्माण कर टेंट हाउस का संचालन कर रहा था।

सुबह निगम की तोड़ू टीम डीएसपी क्राइम और दो थाना प्रभारियों की मौजूदगी में भारी पुलिस बल के साथ संतोषीपारा कैंप-2 पहुंची और अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई शुरू की। निगम आयुक्त राजीव पांडेय भी मौके पर मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी की।

निगम आयुक्त ने बताया कि समृद्धि बाजार क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए भूमि चिन्हांकित है। यहां मौजूद अवैध कब्जाधारियों को कई बार नोटिस दिए गए थे और यह कार्रवाई अंतिम नोटिस जारी किए जाने के बाद की गई है। टेंट हाउस संचालक को कार्रवाई की जानकारी पहले से होने के कारण उसने पहले ही अपना सामान हटा लिया था।

वहीं आरोपी करण साव के भाई सूरज साव ने आरोप लगाया कि निगम ने केवल उनके ही मकान को निशाना बनाया है, जबकि इलाके में अन्य अवैध निर्माणों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि परिवार के जिन सदस्यों ने अपराध किया है, वे जेल में हैं और उन पर कानूनी कार्रवाई भी हो चुकी है, लेकिन इस प्रक्रिया में परिवार की आजीविका पर प्रहार होना उचित नहीं है।

गौरतलब है कि करण साव ने अपने भाई शिवम साव की हत्या में दोषी करार देकर सजा काट चुके विकास प्रजापति पर झारखंड से तीन शूटर बुलाकर जानलेवा हमला करवाने की कोशिश की थी। निशाना चूक जाने के बाद जामुल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

About The Author