डॉग रेस्क्यू पर विवाद: कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने संसद में उठाए सवाल
नई दिल्ली। संसद परिसर में कुत्ते को लेकर आने पर रोके जाने के बाद कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी नियम या प्रोटोकॉल का उल्लंघन नहीं किया और मामला बेवजह तूल दिया जा रहा है। चौधरी ने आरोप लगाया कि सरकार बेजुबान जानवरों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस कानून नहीं बना रही, जबकि इसी मुद्दे पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
चौधरी ने बताया कि संसद आते समय रास्ते में एक स्कूटर और कार की टक्कर के बाद सड़क पर घूम रहे एक पिल्ले को बचाने के लिए उन्होंने उसे अपनी कार में बिठाया। उनके अनुसार संसद पहुंचते ही कार उस कुत्ते को लेकर घर वापस चली गई, ऐसे में विवाद की कोई वजह ही नहीं बनती।
सांसद ने कहा कि संसद में बैठे कई सदस्य रोज़ गंभीर बयान देते हैं, लेकिन किसी को उनकी चिंता नहीं होती। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में बूथ लेवल अधिकारियों की मौत को नजरअंदाज किया जा रहा है, जबकि उनके डॉग रेस्क्यू पर सवाल उठाए जा रहे हैं, जो हास्यास्पद है। चौधरी ने आरोप लगाया कि असली चिंता उन मुद्दों को लेकर होनी चाहिए जो सीधे जनता से जुड़े हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि एक बेजुबान जानवर की रक्षा करना उनका मानवीय कर्तव्य था और इसे विवाद का विषय बनाना उचित नहीं है। चौधरी ने कहा कि उनके पास कई ऐसे जानवर हैं जिनकी वे देखभाल करती हैं, और आवश्यकता पड़ने पर उनकी तस्वीरें भी साझा कर सकती हैं।
