रायखेड़ा में अडानी पावर प्लांट की जनसुनवाई में हंगामा! तीसरे यूनिट पर बंटी राय, जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के अध्यक्ष ने लगाए खरीदने की कोशिश के गंभीर आरोप
रायपुर। राजधानी रायपुर के धरसीवा ब्लॉक से लगे रायखेड़ा में अडानी पावर प्लांट के प्रस्तावित तीसरे यूनिट को लेकर विरोध और समर्थन की तस्वीर एक साथ देखने को मिली। 18 नवंबर को ताराशिव गांव में आयोजित जनसुनवाई में जहां कुछ लोगों ने प्लांट के तीसरे यूनिट को खोलने का समर्थन किया, वहीं कई लोगों ने इसका खुलकर विरोध करते हुए पर्यावरण और स्थानीय लोगों पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों को लेकर सवाल उठाए।
जनसुनवाई के दौरान उस वक्त मामला और गरमा गया, जब जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अजय यादव ने अडानी पावर प्लांट प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि बीते दिनों उन्हें और उनके समर्थकों को अपने पक्ष में करने के लिए खरीदने की कोशिश की गई। डॉ. यादव ने आरोप लगाया कि अडानी पावर प्लांट की ओर से उन्हें सेट करने का प्रयास किया गया था। हालांकि, इन आरोपों पर प्लांट प्रबंधन का पक्ष सामने आना बाकी है।
वहीं इस जनसुनवाई में एक और चौंकाने वाली तस्वीर देखने को मिली। कार्यक्रम में मौजूद कई लोगों को कथित तौर पर यह तक स्पष्ट जानकारी नहीं थी कि जनसुनवाई किस मुद्दे पर आयोजित की गई है और उन्हें वहां किस उद्देश्य से लाया गया है। ऐसे में जनसुनवाई की पारदर्शिता और लोगों की वास्तविक भागीदारी को लेकर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।

अब सवाल यह है कि क्या रायखेड़ा में अडानी पावर प्लांट का तीसरा यूनिट स्थानीय लोगों के विकास और रोजगार का नया रास्ता खोलेगा या फिर इसके पर्यावरणीय और सामाजिक प्रभावों की कीमत आसपास के ग्रामीणों को चुकानी पड़ेगी? जनसुनवाई में सामने आए समर्थन, विरोध और खरीदने की कोशिश के आरोपों ने इस पूरे मामले को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
