CG News: कर्मचारियों को कैशलेस इलाज की सुविधा मिलने पर CM विष्णुदेव साय का जताया आभार, अभिनंदन समारोह में किया आमंत्रित
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के शासकीय अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके आश्रित परिजनों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा को मंत्रिपरिषद की मंजूरी दिए जाने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
फेडरेशन ने मुख्यमंत्री साय को अपने संगठन की ओर से आयोजित किए जाने वाले अभिनंदन समारोह में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।
लंबे समय से की जा रही थी कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मांग
फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदेश के शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित प्रमुख मांग रही है।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, इस सुविधा से गंभीर बीमारी और अचानक उपचार की जरूरत पड़ने पर कर्मचारियों तथा उनके आश्रित परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी। अब इलाज के लिए पहले बड़ी रकम जुटाने और बाद में चिकित्सा प्रतिपूर्ति की प्रक्रिया से गुजरने जैसी परेशानियां कम होंगी।
लाखों शासकीय सेवकों और परिवारों को मिलेगी राहत
फेडरेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू होने से शासकीय सेवकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिल सकेगी। खासकर आपातकालीन परिस्थितियों में उपचार के दौरान आर्थिक व्यवस्था की चिंता कम होगी।
इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का धन्यवाद ज्ञापित किया।
प्रतिनिधिमंडल में ये पदाधिकारी रहे शामिल
इस अवसर पर पंकज पाण्डेय, सत्येंद्र देवांगन, अश्वनी चेलक, जय कुमार साहू, पीताम्बर पटेल, आलोक मिश्रा और संतोष कुमार वर्मा सहित छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
