MP News: मध्यप्रदेश में 9 नवंबर को मनेगा गोवर्धन पर्व, CM मोहन यादव करेंगे गौ-पूजन; पशुपालकों को मिलेगा 1 लाख रुपये तक का पुरस्कार
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार 9 नवंबर को गोवर्धन पर्व के अवसर पर गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह आयोजित करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में भोपाल के रवींद्र भवन में दोपहर 12:30 बजे से राज्य स्तरीय कार्यक्रम होगा। इस दौरान उत्कृष्ट पशुपालकों को सम्मानित करने के साथ प्रदेश की पंजीकृत गौशालाओं के लिए 60 करोड़ रुपये से अधिक की अनुदान राशि भी जारी की जाएगी।
पशुपालन एवं डेयरी विभाग, श्रीकृष्ण पाथेय न्यास और संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भी गौ-पूजन और पशुपालक सम्मान समारोह आयोजित होंगे।
उत्कृष्ट पशुपालकों को मिलेंगे एक लाख रुपये तक के पुरस्कार
गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले पशुपालकों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रमाण-पत्र और सम्मान राशि प्रदान करेंगे।
विजेताओं को क्रमशः एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। यह राशि सभी विजेताओं के बैंक खातों में एक साथ DBT के माध्यम से अंतरित की जाएगी।
इसके अलावा राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के टॉप-10 दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को मुख्यमंत्री द्वारा सांकेतिक रूप से सम्मानित किया जाएगा।
3 हजार से अधिक गौशालाओं को मिलेगा 60 करोड़ रुपये से ज्यादा अनुदान
गोवर्धन पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश की 3 हजार से अधिक पंजीकृत गौशालाओं को बड़ी सौगात देंगे। इन गौशालाओं में संरक्षित 5.51 लाख गोवंश के भरण-पोषण के लिए सितंबर माह की 60 करोड़ रुपये से अधिक की अनुदान राशि DBT के माध्यम से अंतरित की जाएगी।
राज्य सरकार की ओर से गौवंश के संरक्षण, संवर्धन और बेहतर देखभाल के लिए विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। अनुदान राशि जारी होने से पंजीकृत गौशालाओं को गोवंश के भरण-पोषण में सहायता मिलेगी।
विभागीय योजनाओं और नवाचारों की लगेगी प्रदर्शनी
राज्य स्तरीय समारोह में पशुपालन एवं डेयरी विभाग की विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों और पशुपालन के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके साथ ही गोवर्धन पर्व के महत्व को दर्शाती विशेष झांकी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव गौ-पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे और विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे।
प्रदेशभर में होंगे गौ-पूजन और पशुपालक सम्मान कार्यक्रम
प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भी गोवर्धन पर्व के अवसर पर गौ-पूजन और पशुपालक सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य गौवंश संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देना, उत्कृष्ट गौपालन करने वाले पशुपालकों को प्रोत्साहित करना और आधुनिक व उन्नत पशुपालन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
सरकार की इस पहल के माध्यम से पशुपालकों के योगदान को सम्मान देने के साथ गौशालाओं में संरक्षित गोवंश की देखभाल को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जाएगा।
