छत्तीसगढ़ में चावल के कंटेनर से 1.20 क्विंटल गांजा जब्त, यूपी के दो तस्कर गिरफ्तार; कीमत एक करोड़ से ज्यादा

सरायपाली। छत्तीसगढ़ में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 120.960 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। ओडिशा से रायपुर ले जाए जा रहे गांजे को तस्करों ने चावल से भरे कंटेनर में छिपा रखा था। एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) और सरायपाली पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, जब्त गांजे और तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर सहित कुल जब्ती की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

चावल के 300 कट्टों के बीच छिपाए थे गांजे के पैकेट

तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए कंटेनर में चावल के करीब 300 कट्टे रखे थे। इन्हीं के बीच चार बोरियों में गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। तलाशी के दौरान पुलिस ने गांजे के कुल 117 पैकेट बरामद किए, जिनका वजन 120.960 किलोग्राम पाया गया।

जब्त गांजे की बाजार कीमत करीब 60 लाख 48 हजार रुपये बताई गई है।

जौनपुर के दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से अमनदीप और लल्लू यादव को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के निवासी बताए गए हैं। उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।

तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे कंटेनर को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। इसकी कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।

तस्करी नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

यह कार्रवाई एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सरायपाली पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस अब गांजे के स्रोत, तस्करी के रास्ते और इसकी डिलीवरी किसे की जानी थी, इसकी जानकारी जुटा रही है।

पुलिस को आशंका है कि इस तस्करी के पीछे बड़ा नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

About The Author