Chhattisgarh News: अमित शाह ने नवा रायपुर में किया विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण, 2,500 से अधिक पीपल के पेड़ों से बनेगी ‘पीपल सिटी’ की पहचान

नवा रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-16 में विकसित भारत संकल्प पार्क का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे। लोकार्पण के बाद केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने पार्क परिसर में पीपल का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया।

16 एकड़ में विकसित हुआ विकसित भारत संकल्प पार्क

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को चिरस्थायी बनाने और भावी पीढ़ियों तक राष्ट्र निर्माण का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से इस पार्क का निर्माण किया गया है। यह पार्क आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित भारत की परिकल्पना का प्रतीक बनने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश भी देगा।

लगभग 16 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस पार्क में अब तक 2,500 से अधिक पीपल और 500 से अधिक स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए जा चुके हैं। यह पहल नवा रायपुर को ‘पीपल सिटी’ के रूप में नई पहचान दिलाने के साथ शहर की हरियाली और पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

‘People for Peepal’ अभियान से जुड़ेगी जनभागीदारी

नवा रायपुर को हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल आधुनिक शहर बनाने के उद्देश्य से ‘People for Peepal’ अभियान चलाया जा रहा है। इसका मकसद केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को पौधों के संरक्षण, संवर्धन और नियमित देखभाल से जोड़ना भी है। इस तरह पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत विकसित भारत संकल्प पार्क को पर्यावरण संरक्षण, सामुदायिक सहभागिता और सतत विकास के केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। भारतीय संस्कृति में पीपल के वृक्ष का विशेष आध्यात्मिक और पर्यावरणीय महत्व है। अभियान के जरिए इस सांस्कृतिक आस्था को प्रकृति संरक्षण के प्रयासों से जोड़ा जा रहा है।

आधुनिक विकास और प्रकृति के संतुलन का बनेगा प्रतीक

विकसित भारत संकल्प पार्क आधुनिक शहरी विकास और प्रकृति के बीच संतुलन का उदाहरण प्रस्तुत करेगा। यह पार्क आने वाली पीढ़ियों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेगा।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

About The Author