CG News: CM विष्णु देव साय ने स्वर्गीय लरंग साय की प्रतिमा का किया अनावरण, बलरामपुर को ₹202.65 करोड़ के 2,009 विकास कार्यों की सौगात

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बलरामपुर जिले के ग्राम चिरई-जसवंतपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय लरंग साय की प्रतिमा का वर्चुअल माध्यम से अनावरण किया। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने स्वर्गीय लरंग साय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए जनसेवा, जनजातीय समाज के उत्थान और सरगुजा अंचल के विकास में उनके योगदान को याद किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बलरामपुर जिले को ₹202 करोड़ 65 लाख की लागत के 2,009 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें ₹156 करोड़ 68 लाख के 1,863 कार्यों का भूमिपूजन और ₹45 करोड़ 97 लाख के 146 पूर्ण कार्यों का लोकार्पण शामिल है।

स्वर्गीय लरंग साय के योगदान को किया याद

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्वर्गीय लरंग साय जनसेवा के प्रति समर्पित जननेता थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन गरीबों, वंचितों, जनजातीय समाज और क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित किया। अविभाजित मध्यप्रदेश में विधायक, सांसद और मंत्री के रूप में उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं और हमेशा जनता के हितों को प्राथमिकता दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज के अधिकारों, सम्मान और विकास के लिए स्वर्गीय लरंग साय का योगदान अविस्मरणीय है। उनकी प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को समाजसेवा, समर्पण और जनकल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने साझा कीं आत्मीय यादें

मुख्यमंत्री साय ने स्वर्गीय लरंग साय के साथ अपने आत्मीय संबंधों को याद करते हुए बताया कि पहली बार विधायक बनने के बाद से ही उन्हें काका लरंग साय के निकट संपर्क में रहने और उनके अनुभवों से सीखने का अवसर मिला।

उन्होंने बताया कि सांसद के रूप में दिल्ली में रहने के दौरान काका लरंग साय अक्सर उनके निवास पर आया करते थे और कई बार वहीं ठहरते भी थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने काका जी से कहा था कि जब भी वे दिल्ली आएं, उनके लिए निवास पर एक कमरा हमेशा आरक्षित रहेगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ स्वर्गीय लरंग साय के आत्मीय संबंध थे। अटल जी उनका विशेष सम्मान करते थे। उनका सरल जीवन, सहज स्वभाव और जनता के प्रति समर्पण सार्वजनिक जीवन में सभी के लिए अनुकरणीय है।

क्षेत्र के विकास के लिए तीन बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने क्षेत्रवासियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

  • शंकरगढ़ में नया स्कूल भवन: बालक हायर सेकेंडरी स्कूल के जर्जर भवन के स्थान पर नवीन विद्यालय भवन का निर्माण कराया जाएगा।
  • चांदो में सामुदायिक भवन: सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बड़े सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा।
  • लरंग साय स्मृति द्वार: स्वर्गीय लरंग साय की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने के लिए उनकी प्रतिमा स्थल के समीप भव्य स्मृति द्वार बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मृति द्वार जनसेवा और क्षेत्र के विकास में स्वर्गीय लरंग साय के योगदान का प्रतीक बनेगा।

2,009 विकास कार्यों से बलरामपुर में विकास को मिलेगी गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि बलरामपुर जिले में बड़ी संख्या में विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण क्षेत्र की प्रगति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नए कार्यों से निर्माण गतिविधियों को गति मिलेगी, जबकि पूर्ण हो चुके कार्यों से आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

उन्होंने कहा कि सड़क, अधोसंरचना और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के नए अवसर पैदा होंगे।

सरगुजा और बस्तर सहित पूरे प्रदेश का संतुलित विकास लक्ष्य

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार सरगुजा और बस्तर सहित छत्तीसगढ़ के सभी क्षेत्रों के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तथा प्रत्येक नागरिक को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।

About The Author