Bilaiगढ़ को मिली 5 बड़ी सौगातें: अपर कलेक्टर कार्यालय से गौरव पथ तक, CM विष्णु देव साय ने की घोषणाएं

बिलाईगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के नगर पंचायत बिलाईगढ़ के रैनीभाठा में आयोजित ऐतिहासिक राजशाही दशहरा उत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए बिलाईगढ़ के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए पांच महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर कार्यालय खोलने, बस स्टैंड से हायर सेकेंडरी स्कूल तक 3 करोड़ रुपये की लागत से गौरव पथ बनाने, राजमहल जाने वाले मार्ग पर पुल निर्माण, नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 15 में मुक्तिधाम तथा मां समलाई माता मंदिर के समीप डोम शेड निर्माण की घोषणा की।

बिलाईगढ़ में विकास कार्यों को मिलेगी नई गति

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि इन घोषणाओं से बिलाईगढ़ में प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार के साथ नगरीय अधोसंरचना और जनसुविधाएं मजबूत होंगी। अपर कलेक्टर कार्यालय खुलने से क्षेत्रवासियों को प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और स्थानीय समस्याओं के निराकरण में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि तीन करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला गौरव पथ नगर की सुंदरता बढ़ाने के साथ आवागमन को बेहतर बनाएगा। वहीं, राजमहल मार्ग पर पुल, वार्ड क्रमांक 15 में मुक्तिधाम और मां समलाई माता मंदिर के पास डोम शेड का निर्माण स्थानीय जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण होगा।

ऐतिहासिक राजशाही दशहरा उत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री साय ने भगवान श्रीराम, माता सीता, पवनपुत्र हनुमान, मां जगदंबा, भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के जयकारों के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की।

उन्होंने कहा कि बिलाईगढ़ का ऐतिहासिक राजशाही दशहरा केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता की जीवंत अभिव्यक्ति है। राजपरिवार ने पीढ़ियों से इस गौरवशाली परंपरा को सहेजकर रखा है और आज भी क्षेत्रवासी उसी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ इसमें भाग लेते हैं।

मुख्यमंत्री ने इस परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए राजपरिवार, आयोजन समिति और बिलाईगढ़वासियों को बधाई दी तथा अपने आत्मीय स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया।

विजयादशमी का संदेश: अपने भीतर की बुराइयों पर करें विजय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि विजयादशमी अधर्म पर धर्म, अन्याय पर न्याय और असत्य पर सत्य की विजय का शाश्वत संदेश देती है। भगवान श्रीराम ने रावण का अंत कर धर्म की स्थापना की थी।

उन्होंने कहा कि हर साल रावण के पुतले का दहन किया जाता है, लेकिन इस पर्व की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब हम अपने भीतर मौजूद काम, क्रोध, मद, लोभ और अहंकार रूपी रावण का भी अंत करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम के आदर्श हमें मर्यादा, कर्तव्य, न्याय और लोककल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करना ही विजयादशमी का सच्चा संदेश है।

प्रभु श्रीराम से छत्तीसगढ़ का प्राचीन और आत्मीय संबंध

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान श्रीराम और छत्तीसगढ़ का संबंध अत्यंत प्राचीन और आत्मीय है। छत्तीसगढ़ को माता कौशल्या की जन्मभूमि और प्रभु श्रीराम का ननिहाल माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, वनवास के दौरान प्रभु श्रीराम ने दंडकारण्य क्षेत्र में लंबा समय व्यतीत किया था।

उन्होंने कहा कि शिवरीनारायण में माता शबरी की भक्ति और राजिम का पवित्र त्रिवेणी संगम प्रदेश की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत के प्रतीक हैं। छत्तीसगढ़ में भगवान श्रीराम को भांजे के रूप में पूजने की अनूठी परंपरा आज भी हमारी संस्कृति में जीवंत है।

श्रीरामलला दर्शन योजना से 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या धाम में लगभग पांच शताब्दियों की प्रतीक्षा के बाद प्रभु श्रीरामलला की प्राण-प्रतिष्ठा पूरे देश के साथ छत्तीसगढ़ के लिए भी हर्ष और गौरव का अवसर रही।

प्रदेशवासियों की आस्था को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने श्रीरामलला दर्शन योजना शुरू की है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस योजना के माध्यम से अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को शासकीय खर्च पर अयोध्या धाम जाकर प्रभु श्रीरामलला के दर्शन करने का अवसर मिला है।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को मिल रहा लाभ

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और परिवार तक पहुंचे तथा मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों को पूरा किया जाए।

उन्होंने बताया कि सरकार गठन के अगले ही दिन मंत्रिपरिषद की पहली बैठक में 18 लाख गरीब परिवारों को प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया था। केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में आवास निर्माण का कार्य तेजी से जारी है और प्रतिदिन लगभग 1,600 आवास बनाए जा रहे हैं।

किसान, गरीब, युवा और मातृशक्ति सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ धान का कटोरा है और किसानों की खुशहाली राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। गांव, गरीब, किसान, युवा और मातृशक्ति को केंद्र में रखकर योजनाओं और विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल सड़कों, पुलों और भवनों का निर्माण करना नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।

About The Author