आईपीएस अमित कुमार एडीजी रैंक के लिए इम्पैनल, केंद्र में मिल सकती है अहम जिम्मेदारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के 1998 बैच के आईपीएस अधिकारी अमित कुमार को केंद्र सरकार ने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) रैंक के लिए इम्पैनल किया है। वे वर्तमान में छत्तीसगढ़ पुलिस में एडीजी इंटेलिजेंस के पद पर पदस्थ हैं। यह जिम्मेदारी उन्हें जनवरी 2024 में सौंपी गई थी।
केंद्र सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार 1998 बैच के कुल 30 आईपीएस अधिकारियों को एडीजी और समकक्ष पदों के लिए पैनल में शामिल किया गया है। इस सूची में अमित कुमार का नाम भी शामिल है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने की स्थिति में अब उनकी नियुक्ति केंद्र में एडीजी रैंक पर हो सकती है।
अमित कुमार इससे पहले केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो में संयुक्त निदेशक के पद पर भी कार्य कर चुके हैं। वहां उन्होंने एंटी करप्शन विंग की जिम्मेदारी संभाली और कई महत्वपूर्ण मामलों की निगरानी की। राज्य में वे राजनांदगांव और रायपुर जैसे जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
ईमानदार छवि और उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्य के लिए उन्हें जनवरी 2025 में राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जा चुका है। राज्य पुलिस में वे भरोसेमंद और प्रभावशाली अधिकारियों में गिने जाते हैं।
